इस्माईलाबाद। थाना क्षेत्र के डेरा गांव में एक बंद मकान में चोरों ने दिनदहाड़े ताला तोड़कर करीब छह लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। पुलिस को दी शिकायत में मोहित कुमार ने बताया कि वह शनिवार दोपहर 10 बजे से दो बजे के बीच घर में ताला लगाकर अपने परिवार के साथ किसी काम से गए हुए थे। इसी बीच चोरों ने ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से सोने व चांदी के गहने चोरी कर लिए। वापस आए तो उन्होंने ताला टूटा हुआ देखा। जांच करने पर गहने चोरी मिले। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह सैर कर रही बुजुर्ग महिला से छीनी सोने की चेन
कुरुक्षेत्र। सुबह की सैर पर निकली एक बुजुर्ग महिला से दो युवकों ने छीना-झपटी की वारदात को अंजाम दिया है। इस वारदात से बुजुर्ग महिला सहम गई और बीमार पड़ गई। घटना 15 मई की बताई जा रही है, जिसकी रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर चार निवासी गुरनाम दास ने बताया कि उनकी 67 वर्षीय माता अजमेरो देवी हर रोज की तरह 15 मई को सुबह छह बजे के करीब सुबह की सैर पर निकली थीं। वह घर से ही थोड़ी दूरी पर ही पहुंची थी कि पीछे से दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने बुजुर्ग के गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और मौके से भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से छीना-झपटी करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है।