कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर यातायात की एडवाइजरी जारी की है। देश-विदेश से लाखों पर्यटक महोत्सव में पहुंच रहे हैं। इन पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए यातायात सुचारू रूप से चलाने के लिए रूट डायवर्ट किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि महोत्सव के लिए 15 दिसंबर तक डायवर्ट प्लान तैयार किया गया है ताकि यातायात को सुचारू रूप से चलाया जा सके। साथ ही पर्यटकों को भी कोई असुविधा न हो। इसलिए प्रवेश करने वाले सभी मार्ग पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। साथ ही महोत्सव के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। महोत्सव स्थल ब्रह्मसरोवर पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। साथ ही ब्रह्मसरोवर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर नाका लगाकर पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से महोत्सव के दौरान बगैर किसी आपातकालीन स्थिति के ब्रह्मसरोवर की तरफ वाहन लेकर न जाने का आह्वान किया है। साथ ही पर्यटक भी अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा न करें। अपने वाहन को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें। नाकों या पार्किंग पर तैनात यातायात पुलिस का सहयोग करें और उनके निर्देश का पालन करें।