शाहाबाद। इंडियन हॉकी लीग में सर्वश्रेष्ठ प्लेयर का खिताब जीतने वाली तथा भारतीय महिला हॉकी टीम की उपकप्तान नवनीत कौर का रोटरी क्लब की ओर से विशेष सम्मान किया गया। रोटरी क्लब के प्रधान डाॅ.आरएस घुम्मन ने नवनीत कौर को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया। डाॅ.आरएस घुम्मन ने कहा कि नवनीत कौर ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से शाहाबाद मारकंडा ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह हमारे क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि लगन और परिश्रम से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सदैव ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करता रहेगा जो समाज और देश का नाम ऊंचा कर रही हैं। क्लब सदस्यों ने नवनीत के पिता बूटा सिंह, भाई युवराज सिंह तथा माता को भी इस अवसर पर बधाई दी। इस अवसर पर विक्रम गुप्ता, प्रवीन ठकराल तथा अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। संवाद