सेक्टर-2 के एक रिहायशी मकान में स्थित आश्रम में दिनदहाड़े घुसे दो बदमाशों ने असलहों के बल पर विवाहिता महिला से नकदी लूटने का मामला सामने आया है।
सेक्टर-2 की रहने वाली महिला सुरेंद्र कौर पत्नी रोशन लाल ने थाना सदर पिपली पुलिस को शिकायत में कहा कि उन्होंने घर के ऊपरी तल पर रामपाल का आश्रम बना है। उस समय वह और चरणजीत कौर, सीता देवी निवासी जलालुद्दीन माजरा आदि बैठे हुए सेवा कर रहे थे। उसी समय आश्रम के मेन दरवाजे से दो बदमाश आश्रम में आ घुसे। इन बदमाशों ने उन पर रिवॉल्वर तान दी। तलाशी लेते हुए आश्रम के गुल्लक को उठा लिया। काउंटर की दराज से भी रुपये उठा लिए। लुटेरों ने उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। लुटेरों ने शिकायतकर्ता का फोन तो उसकी तरफ फेंक दिया और मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। लूटी गई नकदी 6 हजार रुपये हैं। इस मामले में थाना सदर पिपली पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ भादंसं धारा 397, 452, 25-54-59 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।