कुरुक्षेत्र। रोडवेज डिपो महाप्रबंधक समिंदर सिंह ने मंगलवार को नए बस अड्डे स्थित रोडवेज वर्कशॉप का जायजा लिया और विभिन्न जरूरतों और समस्याओं पर कर्मचारियों से बातचीत की। इसके अलावा सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा की और मौके पर जिम्मेदारों को बुलाकर उन्हें फटकार लगाई।
महाप्रबंधक सबसे पहले ऑडिट ब्रांच पहुंचे। इसके बाद स्टोर की इंक्वायरी की और परचेज ऑफिसर से कई प्रकार की सामग्री के बारे में पूछताछ की। जो सामान कम या खत्म मिला, उसे जल्द उपलब्ध कराने का आदेश दिया। गाड़ियों की रिपेयर की गतिविधियां भी देखी। आसपास उगी घास और झाड़ियों पर जीएम ने नाराजगी जताई।
इसके बाद बिल्डिंग में करंट की जानकारी मिलने पर मौके पर इलेक्ट्रीशियन को बुलाया। वाटर कूलर तक भी करंट का असर पहुंचा हुआ था। जीएम ने अतिशीघ्र करंट के फॉल्ट को ठीक करने के आदेश दिए। डीआई से गाड़ियों के रूट की रिपोर्ट ली गई। डिटेन गाड़ियों का हिसाब मांगा। जर्ज बसों की रिपोर्ट ली गई। धुली हुई गाड़ियों के पानी की निकासी न होने की चुनौती भी सामने आई। निरीक्षण कार्य लगभग डेढ़ घंटे तक चला। जांच के दौरान चीफ इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, डीआई हवा सिंह, फोरमैन नरेश कुमार और इंस्पेक्टर भगवत दयाल भी साथ रहे।
कर्मचारियों की समस्याओं को जाना
निरीक्षण करते हुए जीएम समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से बात की और उनकी समस्याओं को जाना। कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि जल्द उनकी परेशानियों का समाधान होगा। जो भी जरूरी उपाय होंगे, शीघ्र निकाले जाएंगे।
दो माह बाद शुरू कराई जाएगी टंकी की सफाई : महाप्रबंधक
महाप्रबंधक ने कहा कि उनका लक्ष्य यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का है। अधिकारी और कर्मचारी मिलकर यात्रियों को अच्छी सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। इसी दिशा में प्रयास जारी हैं। मुख्य टंकी की सफाई न होने की जानकारी उन्हें मिल चुकी है। कुछ दिनों के अंदर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
कुरुक्षेत्र। वर्कशॉप में घास-झाड़ियों और कंडम गाड़ियों से घिरी पानी की मुख्य टंकी। संवाद