कुरुक्षेत्र। चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों को सरकार द्वारा सभी निर्धारित स्टॉपेज पर रुकने के आदेश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। इन दिनों रोडवेज बसें केवल अंबाला, पिपली, करनाल, पानीपत जैसे स्टॉप पर तो रुकती हैं, लेकिन बीच के लोकल स्टॉपेजों को अनदेखा किया जा रहा है। उमरी, नीलोखेड़ी, तरावड़ी जैसे स्टॉपेज पर बसों का न रुकना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है।
यात्रियों का कहना है कि यदि वे दिल्ली या चंडीगढ़ से सफर करते हैं तो उन्हें मनचाहे लोकल स्टॉपेज की बजाय मैन स्टॉपेज तक की टिकट लेनी पड़ती है। इससे न केवल समय बर्बाद होता है बल्कि उन्हें अतिरिक्त किराया भी चुकाना पड़ता है।
उतरना था नीलोखेड़ी करनाल उतारा : गौरव
दिल्ली से नीलोखेड़ी आने वाले यात्री गौरव शर्मा बताते हैं कि बस ड्राइवर ने उन्हें बस में चढ़ने से ही मना कर दिया। कंडक्टर ने स्पष्ट कहा कि नीलोखेड़ी उनका स्टॉपेज नहीं है और उन्हें करनाल तक की टिकट लेनी होगी। करनाल पहुंचने के बाद ही वे दूसरी बस से नीलोखेड़ी जा सकते हैं। गौरव ने कहा कि यह यात्रियों के साथ सीधा अन्याय है, क्योंकि सरकार स्पष्ट तौर पर सभी स्टॉपेज पर बसें रोकने का निर्देश दे चुकी है।
अतिरिक्त किराया देकर जाना पड़ा : विनोद
यात्री विनोद का अनुभव भी इससे अलग नहीं रहा। उन्होंने बताया कि वे करनाल से उमरी जाने के लिए बस में बैठे थे, लेकिन कंडक्टर ने उन्हें उमरी की टिकट देने से मना कर दिया। उनकी टिकट पिपली तक काटी गई और उन्हें वहीं उतार दिया गया। मजबूरी में उन्हें पिपली से दोबारा प्राइवेट बस पकड़ कर उमरी जाना पड़ा।
नहीं आई कोई नई शिकायत : महाप्रबंधक
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले इस तरह की शिकायत जरूर आई थी, जिसके बाद निरीक्षण के लिए इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि यदि अब भी बसें लोकल स्टॉपेज पर नहीं रुक रही हैं तो मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।