पिहोवा। घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व खड़ी बस। संवाद
- फोटो : Samvad
पिहोवा। हरिद्वार से कैथल जा रही हरियाणा रोडवेज कैथल डिपो की बस ने गांव मुर्तजापुर के समीप एक बुजुर्ग को कुचल दिया। इस हादसे में करीब 70 वर्षीय बंबूल सिंह की मौत हो गई। वह गांव सारसा के निवासी थे। बंबूल सिंह गुरुनानक खालसा कॉलेज करनाल के सहायक प्रोफेसर महाबीर मलिक के पिता थे। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया।ञ वीरवार शाम को बंबूल सिंह ने मुर्तजापुर के पास एक दुकान से सेब खरीदे थे। इसके बाद वह पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार से कैथल आ रही बस ने उन्हें टक्कर मार दी। बंबूल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
बंबूल सिंह को लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर उनके बेटे महाबीर मलिक भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है। जांच अधिकारी नरेश कुमार के अनुसार, हादसे के कारण का पता लगाने के लिए सीसीटीवी दृश्य खंगाले जा रहे हैं।