कुरुक्षेत्र। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े परिजन।
- फोटो : Kurukshetra
पिपली थर्डगेट सिक्सलेन निर्माण ने वीरवार को फिर एक जिंदगी लील ली। मोहन नगर ओवरब्रिज की सड़क उखड़ी होने के कारण कई दिनों से वन-वे ट्रैफिक चल रहा है। वीरवार सुबह पिपली की ओर जाते समय सोबती नर्सिंग होम के सामने सुबह सवा छह बजे बाइक सवार को सामने से आ रही रोडवेज कुरुक्षेत्र डिपो की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बस को छोड़कर चालक व परिचालक फरार हो गए। मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रिंस सैनी पुत्र सुरेश सैनी वासी दर्दाखेड़ा थानेसर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर प्रिंस के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मृतक के पिता सुरेंद्र सैनी ने बताया कि प्रिंस की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। वह लालडू की एक निजी कंपनी में स्टोर कीपर था। प्रिंस मोटरसाइकिल पिपली पार्किंग में खड़ी कर वहां से बस में ड्यूटी पर जाता था। वीरवार को भी वह खाना खाकर छह बजे घर से निकला। करीब सवा छह बजे उन्हें फोन आया कि उनके बेटे का मोहन नगर ओवरब्रिज पर एक्सीडेंट हो गया है। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो उनका बेटा दम तोड़ चुका था।
जांच अधिकारी एसआई साहब सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे। वहां बस को छोड़कर चालक व परिचालक फरार हो चुके थे। उन्होंने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं रोडवेज की बस को कब्जे में लेकर मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी निर्माणाधीन सड़क के कारण हो चुकी कई मौत
पिपली थर्डगेट निर्माणाधीन सिक्सलेन के कारण पहले भी कई सड़क हादसों में मौत हो चुकी है। वहीं आए दिन यहां राहगीरों का घायल होना आम बात होभ चुकी है। निर्माण की गति धीमी होने के कारण ढाई साल में सड़क का मात्र 25 प्रतिशत सड़क ही बन पाई है। बुधवार देर रात्रि इसी सड़क पर भूसे से भरा ट्रक पलट गया था, गनीमत रही थी कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।