कुरुक्षेत्र। प9कारों से चर्चा करते हुए राजेंद्र आर्य दादूपुर व समाज के अन्य लोग। संवाद
कुरुक्षेत्र। लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है तो राजनीतिक पार्टियां भी मैदान में अपने-अपने योद्धा मैदान में उतार रही है। ऐसे में टिकट की मांग को लेकर विभिन्न समाज भी ताल ठोक रहे हैं। रविवार को रोड़ समाज ने भी करनाल व कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से टिकट की मांग उठाई। राजेंद्र आर्य दादूपुर, रोशन लाल मेहला सहित अन्य लोगों ने रोड धर्मशाला में पहले बैठक की, जिसके उपरांत पत्रकारों से चर्चा भी की।
उन्होंने विशेष तौर पर भाजपा व कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि अभी भी भाजपा की कुरुक्षेत्र व कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन की करनाल सीट पर प्रत्याशी घोषित किया जाना बाकी है। ऐसे में दोनों ही पार्टियों को प्रदेश व देश में अपना अहम महत्व रखने वाले रोड समाज को तवज्जो देते हुए ही प्रत्याशी मैदान में उतारा जाए। दोनों में जो भी पार्टी रोड समाज का प्रत्याशी मैदान में उतारेगी, उसी को ही दूसरी सीटों पर भी सहयोग व समर्थन दिया जाएगा। अगर दोनों पार्टियों ने अनदेखी की तो समाज के लोग क्षेत्रीय दलों को ही प्राथमिकता देंगे और राष्ट्रीय पार्टियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। इसका असर आगामी विधानसभा चुनावों पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज तक रोड समाज का कोई भी सांसद लोकसभा व राज्यसभा में नहीं बन पाया है, जो इस समाज के साथ भेदभाव को दर्शाता है, लेकिन अब समाज के लोग जागरूक हो चुके हैं और अपने हक के लिए मुखर है।