कैथल रोड पर गांव खानपुर के समीप बुधवार देर रात्रि ट्रैक्टर-ट्राली व मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में मामे-भांजे की मौत हो गई है, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे चंडीगढ़ के पीजीआइ में रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोनों का नम आंखों से अंतिम संस्कार हुआ।
गांव ज्योतिसर निवासी विनोद कुमार ने केयूके थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी भाई पवन कुमार, मामा राजकुमार व भतीजा राहुल गांव हथीरा में ईंट भट्ठे पर काम करते थे। बुधवार की रात लगभग 10 बजे तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि पवन कुमार मोटरसाइकिल चला रहा था। जब वे कैथल रोड पर गांव खानपुर के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी मोटरसाइकिल सीधे जा टकराई। जिससे पवन कुमार व राजकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहुल को राहगीरों ने एलएनजेपी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर ज्योतिसर पुलिस चौकी के एएसआई जसविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया। एएसआई जसविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।