स्टैंड पर सवारी उतारती हुई बस की चपेट में आने से सेवानिवृत्त सैनिक की पत्नी की मौत हो गई। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। खंड के नया गांव गोबिंदगढ़ के सेवानिवृत्त सैनिक की पत्नी बलजीत कौर अपने पुत्र अमन के साथ सेना की कैंटीन से घरेलू सामान लेने पिपली गई थी। सामान की खरीदारी कर महिला व उसका पुत्र पिपली से लाडवा आने के लिए प्राइवेट बस में बैठ गए। बस लाडवा स्टैंड पर रुकी तो उसमें बैठी सवारियां उतारने लगीं।
इस बीच चालक ने अचानक बस चला दी। इससे बस से उतर रही बलजीत कौर नीचे गिर गई और बस का पिछला पहिया उसे कुचलता हुआ निकल गया। लोगों के शोर मचाने पर बस चालक ने बस रोकी और मामले की गंभीरता को देखते हुए बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बस स्टैंड के सामने स्थित थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उसे कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। कुरुक्षेत्र ले जाए जाने पर अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।