कुरुक्षेत्र। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के दौरान प्रधानाचार्य सविता सहित अन्य सदस्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। गुरु द्रोणाचार्य स्टेडियम में खंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें खंड थानेसर के अंतर्गत चार पीएम श्री विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न ट्रैक व फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रधानाचार्य सविता ने बताया कि 100 मीटर दौड़ में रिहान व चेतना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में रिया व श्याम कुमार और 400 मीटर दौड़ में कनिका व रामसिंह विजेता रहे।
रिले दौड़ में पीएमश्री विद्यालय देवीदासपुरा की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। फील्ड स्पर्धाओं में लंबी कूद में आकाश व कशिश, गोला फेंक में वंदना व रिवेश, चक्का फेंक में विवेक व वंशिका और ऊंची कूद में एकमजीत व सोहानी प्रथम रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूस्थला प्रधानाचार्य और कार्यक्रम नोडल अधिकारी सविता ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल में हार से निराश होकर नहीं बल्कि उससे प्रेरणा लेकर ओर मेहनत से प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही बलजीत सिंह, कमल बंसल, राजेश चौहान, यशपाल, मांगेराम, परमजीत कौर, अरिता और राजेश कुमार शारीरिक शिक्षक निर्णायक मंडल में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और उनकी प्रतिभा को निखारना रहा।
इस मौके पर बीआरपी संजीव कुमार, विजेता, नीतू, एबीआरसी सुदेश कुमारी, योगिता, अंजू सहित अन्य सदस्य और खिलाड़ी मौजूद रहे।