यमुनानगर। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर डीसी प्रीति की देखरेख में जिला सचिवालय में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। डीसी ने स्पष्ट किया कि 26 जनवरी को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह तेजली स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जबकि मौसम खराब रहने की स्थिति में कार्यक्रम अनाज मंडी जगाधरी में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
डीसी ने कहा कि गणतंत्र दिवस देश का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, जिसे पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल से कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि जिस विभाग को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे समय रहते पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़े तथा किसी भी महत्वपूर्ण बैठक में विभागाध्यक्ष स्वयं उपस्थित रहें।
डीसी ने बताया कि समारोह के दौरान पुलिस विभाग और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की टुकड़ियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूलों के बच्चों द्वारा पीटी और डंबल प्रदर्शन किए जाएंगे। समारोह को और आकर्षक बनाने के लिए कॉलेजों और स्कूलों के सीनियर विद्यार्थी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों का समय पर चयन कर लिया जाए और नियमित रूप से रिहर्सल करवाई जाए। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 2026 को सभी कार्यक्रमों की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल होगी, जो प्रात: 10 बजे शुरू होगी। समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, सफाई, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा होंगे।
बॉक्स
सम्मान के लिए 6 जनवरी तक भेजें नाम
डीसी प्रीति ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के ऐसे समाजसेवियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति 6 जनवरी 2026 तक अपनी उपलब्धियों का विवरण प्रमाण सहित नगराधीश कार्यालय में जमा करा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।