कुरुक्षेत्र। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से दलहनी फसलों, जल संरक्षण एवं ग्रीष्मकालीन मूंग का एरिया बढ़ाने के लिए किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान पर मूंग के बीज का वितरण किया जाना है। यह हरियाणा बीज विकास निगम के बिक्री केंद्राें के माध्यम से किसानों को बीज वितरित किया जाएगा। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेशभर में एक लाख एकड़ क्षेत्र में बिजाई के लिए ग्रीष्मकालीन मूंग का बीज किसानों को दिया जाएगा। इसके लिए केवल 25 प्रतिशत राशि ही किसान को बीज खरीदते समय पर जमा करवानी होगी। ग्रीष्मकालीन मूंग का बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की वेबसाइट एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पोर्टल पर जाकर किसान को पंजीकरण करवाना होगा। ग्रीष्मकालीन बीज लेने के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल तक जारी रहेगा। किसानों को बीज देने के बाद विभागीय कमेटी इनका भौतिक सत्यापन करेगी। योजना के तहत पूरी प्रक्रिया जिले के उपायुक्त की देखरेख में की जाएगी। मूंग दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए कई क्षेत्रों में ग्रीष्मकालीन मूंग की खेती की जाती है। किसानों को मूंग की खेती से दोगुना फायदा मिलता है। गेहूं की कटाई के बाद मूंग की बुवाई करना फायदेमंद रहता है।