कुरुक्षेत्र। लोकतंत्र के महापर्व में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को अलख जगाने की बेला है। लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अमर उजाला की ओर से सुबह 6.15 बजे द्रोणाचार्य स्टेडियम से पिपली रोड मोहन नगर चौक तक वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। आप सबसे अपील है कि इसमें अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मतदान के लिए लोगों को जागरूक करें।
लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान कर हम अपने लिए एक बेहतर प्रतिनिधि और सरकार चुन सकते हैं। चुनाव आयोग भी इसके लिए पूरी कोशिश कर रहा है। वॉकथॉन का शुभारंभ द्रोणाचार्य स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार से होगा। मुख्य अतिथि के तौर पर शहर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त शांतनु शर्मा शामिल होंगे, जो कि वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पहले लोगों को जागरूक करने के लिए एक नुक्कड़ नाटक भी पेश किया जाएगा।
वॉकथॉन में हिस्सा लेने के लिए आप क्यूआर कोड को स्कैन करके खुद को पंजीकृत कर सकते हैं। हिस्सा लेने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है। किसी भी उम्र का व्यक्ति इसमें शामिल हो सकता है। इस वॉकथॉन में शिक्षक संस्थान, समाजसेवी संस्थाएं, समाजसेवी, खिलाड़ी सहित अन्य लोग हिस्सा लेंगे। इस वॉकथॉन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को मतदान के लिए जागरूक करना है।