संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। भारतीय योग संस्थान दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में भी योग शिक्षकों को प्राणायाम विशेषज्ञ बनाया जाएगा। चयनित कार्यकर्ताओं को विशेष प्रकार का ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसमें प्रशिक्षणार्थियों को मानव शरीर विज्ञान की विस्तृत जानकारी के साथ-साथ सभी प्रकार के श्वसन, प्राणायाम, योग क्रियाओं, योग मुद्राओं इत्यादि की सही विधि, निषेध, सावधानियां, सजगता केंद्र, प्रभाव व लाभ बताकर प्राणायाम के प्रत्येक पहलू के बारे में अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
संस्थान की हरियाणा प्रांत इकाई के प्रधान ओमप्रकाश ने बताया कि इसके लिए पहले बैच में पूरे प्रांत से अभी 50 ऐसे जिज्ञासु प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया गया है जो स्वयं प्राणायाम विशेषज्ञ बनकर आगे संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्रों पर साधकों को भी इसका प्रशिक्षण दे सकें। इसके लिए समय-समय पर संस्थान द्वारा प्रशिक्षणार्थियों की ऑनलाइन व ऑफलाइन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। संस्थान के अखिल भारतीय महामंत्री ललित गुप्ता इन प्रशिक्षणार्थियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रांत इकाई के तत्वावधान में भविष्य में भी प्राणायाम विशेषज्ञ के और अधिक बैचों को भी इसी प्रकार का विशेष प्रशिक्षण प्रदान करवाया जाएगा। संस्थान की हरियाणा प्रांत इकाई के प्रेस प्रवक्ता गुलशन कुमार ग्रोवर ने बताया कि डेढ़ घंटे के इस विशेष प्राणायाम प्रशिक्षण सत्र में ललित गुप्ता योग के हर उस पहलू को छू रहे हैं जो एक प्राणायाम के शिक्षार्थी के लिए आवश्यक है।
दिव्यांग सुनील तथा उनकी माता मोनी देवी 91 में घर पर किया मतदान