शहर में कक्षा 10वीं की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री अपनी सहेली के घर नोट्स लेने गई थी। दोपहर तक घर नहीं पहुंची। शाम करीब पांच बजे उसकी बेटी घर पहुंची तो तबीयत खराब थी और काफी डरी हुई थी। परिजन गंभीर हालत में छात्रा को रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला चिकित्सक ने छात्रा का मेडिकल किया। इस दौरान जांच अधिकारी एसआई कमलेश ने पीड़िता व परिजनों के बयान दर्ज किए। पीड़िता की मां ने बताया कि उसने अपनी बेटी से जब पूछा तो उसने बताया कि राहुल व प्रिंस उसे बिरला मंदिर के समीप एक सैलून पर ले गए थे। वहां पर राहुल उसे अंदर ले गया, जबकि प्रिंस बाहर बैठा रहा। राहुल ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों उसे स्कूटी पर बैठाकर घर छोड़ गए। आरोपियों ने उसे धमकी दी अगर इस बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार देंगे। जांच अधिकारी कमलेश ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।