कुरुक्षेत्र। पूर्व जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला इन दिनों प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में चौटाला ने रविवार को जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आगामी रणनीति पर चर्चा के बाद ऐलान किया कि जल्द ही हिसार या जींद में जल्द ही एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर कहा कि नए मुख्यमंत्री को समय देना चाहिए, वे स्थिति का जायजा लेकर जरूरी कदम उठाएंगे। कांग्रेस के संगठन पर सवाल उठने पर उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया और कहा कि राजनीति में समय-समय पर बदलाव आते हैं। उन्होंने 1977 में जनता पार्टी के पक्ष में बने माहौल का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्तमान में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। चौटाला ने बताया कि वे जिलों का दौरा कर जनता का मूड भांप रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का चौमुखी विकास किया। संवाद