झांसा। लुखी गांव में जय श्री बद्री केदार सेवा समिति द्वारा दशहरा पर्व के अवसर पर दूसरा विशाल कुश्ती दंगल व बेटियों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने दंगल का शुभारंभ किया। समिति के अध्यक्ष आचार्य चन्द्रकान्त शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया। थानाध्यक्ष द्वारा खेल, पढ़ाई में मेधावी बच्चों और स्कूल के मुख्य अध्यापकों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि बच्चे आज बहुत सारे खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। पहले हमारे देश में जितने ओलंपिक पदक आते थे आज उनकी संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। समिति के अध्यक्ष आचार्य चन्द्रकान्त शर्मा ने बताया कि कुश्ती दंगल में 31 हजार रुपये का पहला इनाम हनुमान अखाड़ा कैथल के रजत पहलवान ने जीता जबकि दूसरा 11 हजार रुपये का इनाम नेपाली पहलवान ने जीता। इस मौके पर पूर्व सरपंच सतीश राणा, कंवलजीत राणा सचिव, राजकरण, शिवचरण तंवर आदि मौजूद रहे।