कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थियों ने मांगों के समर्थन में आवाज उठाई और संयुक्त छात्र मोर्चा के बैनर तले रोष मार्च निकाला। इसमें विभिन्न छात्र संगठनाें के विद्यार्थियों सहित अन्य विभागों के विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थी सुबह नौ बजे इंस्टीट्यूट आफ इंटीग्रेटेड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) में एकत्रित होना शुरु हो गए थे। इसके बाद उन्होंने आईआईएचएस से कुलपति कार्यालय तक रोष मार्च निकाला और कुवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक कुलपति कार्यालय का घेराव किया और कुलपति सोमनाथ सचदेवा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि खेल मैदान को पहले की तरह ठीक कराया जाएए महिला एवं पुरुष छात्रावास में खाने की गुणवत्ता में सुधार हो एवं मेस की गेस्ट डाइट को भी कम किया जाए। इसके अलावा महिला छात्रावास की लाइब्रेरी को 24 घंटे खोला जाए, परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए, जवाहर लाल नेहरू पुस्तकालय में बंद पड़ी लिफ्ट ठीक कराई जाए और रिक्त पदों पर भर्ती की जाए। वहीं मर्सी चांस और माइग्रेशन की फीस कम की जाए , पत्राचार से सर्टिफिकेट भेजने की व्यवस्था फिर शुरू की जाए।
छात्रों की मांग है कि लंच के समय महिला छात्रावास के लिए जो बस चलती है, उसे सुचारू रूप से चलाया जाए और उसका समय निर्धारित किया जाए। विकलांग छात्रों के लिए भी ई-रिक्शा चलाई जाए। कैंपस और हॉस्टल वाई-फाई की ठप पड़ी सुविधा को दुरुस्त कराया जाए। विवि प्रशासन की ओर से कैंटीनों में उपलब्ध सामान की कीमत की सूची निर्धारित की जानी चाहिए ताकि कैंटीन संचालकों की ओर से लिए जा रहे मनमाने रेटों पर रोक लग सके। सीसीटीवी कैमरों की संख्या में इजाफा किया जाए, खासतौर पर पार्किंग स्थलों पर कैमरे अवश्य लगाए जाए। संयुक्त छात्र मोर्चा ने बताया कि कुलपति की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि जल्द मांगों को पूरा किया जाएगा। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को जल्द नहीं पूरा किया गया तो वे कड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर दासफी, जेएसओ, पीएचएसओ, केयूवीएम, बीपीएसओ, एचएसए, एसएफआई, एनएसयूआई सहित अन्य संगठन के सदस्य सहित अन्य विभागों के विद्यार्थी मौजूद रहे।