बरसात से मौसम खुशगवार हा गया है। ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से निजात दिलाई। दूसरी ओर किसानों के चेहरे भी खिल गए। लंबे समय से बरसात का इंतजार कर रहे किसानों को मंगलवार दोपहर बाद इंद्र देवता ने कुछ राहत देते हुए पानी की बौछारें दी।
वहीं दुकानदारों के लिए पानी की निकासी न होने से मुसीबत खड़ी हो गई। इस्माईलाबाद में बस स्टेंड, हनुमान मंदिर व छप्परा रोड पर थोड़ी-सी बरसात से ही पानी लबालब हो गया।
इसके चलते ईद व तीज के त्योहार के मौके पर लोगों को खरीददारी करने के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानदार रामप्रकाश, सूरज बंसल, शीतल, काकू, राजेंद्र कुमार, प्रेम प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-65 पर बने नाले की सफाई न होने से बरसात के पानी की निकासी नहीं हो पाई।
पीडब्ल्यूडी विभाग की गलती का खामयाजा दुकानदारों व आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले की सफाई की जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पडे़। वहीं कृषि विकास अधिकारी लेखराज शर्मा व डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि किसानों को बरसात से काफी फायदा होगा। इससे धान की फसल के फुटाव में काफी फायदा मिलेगा तथा धान फसल में आई पत्ता लपेट जैसी बीमारियों से किसानों को छुटकारा मिल जाएगा।