हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पिछले कईं दिनों से जारी भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को बुधवार शाम को उस समय राहत मिली जब झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवा भी चली। वहीं अगले तीन दिन तक मौसम में बदलाव रहेगा, जिससे बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।
बता दें कि पिछले चार दिन से भीषण गर्मी पड़ रही थी। अधिकतम तापमान 42 तो न्यूनतम 29 डिग्री तक पहुंच चुका था। जनजीवन बेहाल होने लगा था। बुधवार को भी सुबह से ही भीषण गर्मी शुरू हो गई थी। लोग लू से तपने लगे थे तो उमस से भी परेशान रहे।
दोपहर बाद मौसम में बदलाव होने लगा और जिला में कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई तो लोगों को कुछ राहत मिली। देर शाम पांच बजे फिर बूंदाबांदी हुई तो दो घंटे बाद झमाझम बारिश हुई तो तेज हवाएं भी चलती रही। इससे मौसम में एकाएक ही ठंडक आ गई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं किसानों का कहना है कि अगले तीन दिन और मौसम में बदलाव बारिश होने से धान की रोपाई करने के लिए खेत तैयार करने में बड़ा फायदा मिलेगा।
सूनसान होने लगे थे बाजार, हर कोई था हलाकान
चार दिन पहले 10 जून को हल्की बारिश हुई थी, जिसके बाद भीषण गर्मी शुरू हुई और यह बुधवार दोपहर तक जारी रही। इसके चलते हर कोई परेशान दिखाई देने लगा था तो बाजार भी सूनसान से हो गए थे।