कुरुक्षेत्र। बैठक में मौजूद स्टेशन अधीक्षक व अन्य। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। बाल तस्करी रोकने के लिए रेलवे अधिकारी पूरी तरह से अलर्ट हो गए हैं, जिसके चलते जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जस्ट राइट ऑफ इंडिया एलाइंस और एमडीडी ऑफ इंडिया ने न्याय तक पहुंच अभियान के तहत कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर बाल तस्करी, बाल मजदूरी और बाल यौन शोषण रोकने के लिए जागरूकता बैठक का आयोजन किया। स्टेशन अधीक्षक श्याम लाल मीणा ने बाल तस्करी को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि यह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों को प्रभावित करता है।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष कृष्ण पांचाल ने बताया कि बाल तस्करी की जानकारी बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, ग्राम सरपंच, तहसीलदार, बाल विकास परियोजना अधिकारी, शिक्षक या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दी जा सकती है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एसएचओ बीएस तोमर ने कहा कि स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और यह सामाजिक बुराई सभी के सहयोग से खत्म की जा सकती है।
एमडीडी ऑफ इंडिया के जिला सह-संयोजक रामलाल सिरसल ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई की उम्र में बाल मजदूरी से बचाने के लिए समाज को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना अधिकारियों को देने की अपील की। इस प्रयास की सराहना करते हुए वक्ताओं ने सुझाव दिया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने चाहिए।
निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह
श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल में रेलवे विभाग ने भारतीय रेल विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानाचार्य पूजा शर्मा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों का मनोबल बढ़ाती हैं। इस प्रतियोगिता में अमनीत प्रथम, अंकिता द्वितीय और समरीन तृतीय रही।