कुरुक्षेत्र। फूड एंड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर के इकलौते बेटे की हत्या के मामले में आरोपी फरार चल रहे हैं। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीम जगह-जगह दबिश दे रही हैं।
विदित रहे कि वीरवार-शुक्रवार की रात करीब दो बजे आर्यन 21 के पिता विकास निवासी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी उकलाना जिला हिसार को उसके बेटे के सड़क दुर्घटना में जख्मी होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर ही वह परिवार के साथ अस्पताल आया तो उसके बेटे आर्यन की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान आर्यन के सिर से गोली मिली तो हत्या का खुलासा हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर आर्यन के दोस्त डॉ. प्रमोद, मौसम व लाडवा के रहने वाले एक युवक काकू के खिलाफ हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। थाना लाडवा प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो टीम बनाई गई हैं। टीम को आरोपियों के जिला हिसार व फतेहाबाद में छुपे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने उनके ठिकाने पर दबिश दी थी, मगर मौके पर आरोपी मौजूद नहीं थे।