पिपली। सरपंच को अनाज मंडी में श्रमिकों की ठेकेदारी दिलाने का लालच देकर 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया है। आरोपी जासीम निवासी मानिकपुर जिला पूर्णिया (बिहार) सरपंच के पास ही काम करता था।
थाना सदर में दर्ज शिकायत में राम कुमार निवासी खानपुर कोलियां ने बताया कि आरोपी जासीम उसके पास तीन महीने से काम कर रहा था। उसके बाद आरोपी खेड़ी मारकंडा में एक कॉलेज में नौकरी पर लग गया था। इस दौरान आरोपी ने उसके बेटे को अनाज मंडी में ठेकेदारी का काम दिलवाने का आश्वासन दिया। इस एवज में आरोपी ने उससे 50 हजार रुपये मांगे थे। इस पर उसने 20 अगस्त को 50 हजार रुपये अपने खाते से निकाल कर आरोपी को दिए थे। इसके अलावा आरोपी ने मई में उससे 20 हजार रुपये उधार लिए थे और वेतन मिलने पर वापस देने का आश्वासन दिया था। इसके बाद से आरोपी फरार है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। पता चला है कि आरोपी कॉलेज में कार्यरत कर्मचारी से भी 20 हजार रुपये उधार लेकर गया है और कॉलेज की एक रेहड़ी भी गायब है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।