कुरुक्षेत्र। खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से उपमंडलों के अनुसार सिलिंडरों की कालाबाजारी को रोकने और निरंतर सप्लाई को सुचारू बनाए रखने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने अब तक 166 जगहों पर रेड की है और 92 सिलिंडर भी जब्त किए हैं। विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर गैस एजेंसियों पर निगरानी रख रही हैं। प्रतिदिन एजेंसियों से रिपोर्ट ली जा रही है, जिससे आपूर्ति की स्थिति पर सतत नजर बनी हुई है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक नरेश कुमार का कहना है कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और विवाह जैसे आयोजनों के लिए व्यवसायिक गैस सिलिंडरों की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके लिए संबंधित कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। जमाखोरी करने वालो पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय की ओर से एलपीजी से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 01744-294418 जारी किया गया है।
गैस सिलिंडरों व पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक नरेश कुमार ने दावा किया कि जिले में गैस सिलिंडरों सहित पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें।