राहुल गांधी ने कुरुक्षेत्र में अपने संबोधन के दौरान कृषि कानून, जीएसटी, नोटबंदी, चीन की सेना और देश के आर्थिक संकट का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। खेती बचाओ यात्रा के कुरुक्षेत्र में समापन के मौके राहुल गांधी कुरुक्षेत्र की मेन अनाज मंडी में किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे। गीता जन्मस्थली ज्योतिसर में पूजा अर्चना के बाद पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा राहुल गांधी के सारथी बनकर अनाज मंडी कुरुक्षेत्र में पहुंचे। जहां उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने तीन कृषि काले कानून बनाकर एक नहीं कुल्हाड़ी से तीन वार किये हैं। कांग्रेस इन्हें समाप्त करने के लिये किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के साथ खड़ी है और तब तक संघर्ष करेगी, जब तक कि यह कानून समाप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र की सरकार ने यह कानून समाप्त नहीं किया तो कांग्रेस की केंद्र में सरकार आने पर इसे समाप्त किया जाएगा।
इस मौके पर राहुल ने कहा कि मैने फरवरी महीने में कहा था कोरोना के प्रति गंभीरता नहीं बरती गई तो इससे देश को बहुत बड़ा आर्थिक संकट झेलना पड़ेगा, लेकिन उस समय भाजपा की सरकार ने हालात के प्रति गंभीरता दिखाने की बजाये मेरा मजाक उड़ाया। आज वही हुआ जो मैने फरवरी में कहा था, देश बहुत बड़े आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों को सही एमएसपी दिया। मजदूरों को मनरेगा दिया और यूपीए सरकार में आज की मोदी सरकार के कार्यकाल की तरह चीन की इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वह भारत की जमीन पर चार महीने तक 1200 किलोमीटर अंदर आकर बैठ जाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में भारत की जमीन पर चीन की सेना ने घुसपैठ ही नहीं की, बल्कि 30 जवानों को भी मार डाला, वो भी गोली से नहीं, कुल्हाड़ी और दूसरे हथियारों से। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार थी, तब चीन में इतना दम नहीं था कि वो भारत में पांव रखे। आज पूरी दुनिया में भारत एक ही देश है, जहां किसी दूसरे देश की सेना आई और 1200 किलोमीटर आकर घुसपैठ कर चुकी है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को कायर बोलते हुआ का कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि भारत की जमीन पर कोई कब्जा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार होती तो चीन की सेना को उठाकर बाहर फेंक देती। अब वह यही देख रहे हैं कि ये काम मोदी कब करेंगे, लेकिन जब उनकी सरकार आएगी तो देश की सेना 15 मिनट में चीनी सेना को बाहर पटक कर मारेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले छह साल के कार्यकाल में किसान, मजदूरों और देश की शक्ति को नहीं समझा। मोदी सिर्फ अपनी इमेज बचाते हैं। टनल में मोर के साथ फोटो खिंचवाते हैं, जबकि टनल में जहां कोई आदमी भी नहीं था, वहां हाथ हिलाते हुए चलते हैं। उन्होंने कहा कि देश बेहद गंभीर हालात से जूझ रहा है। हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हाथरस में जो हुआ सबके सामने है।
देवीलाल चौक पर एनएसयूआई ने किया स्वागत
पंजाब सीमा से हरियाणा में रास्ते में कई जगहों पर राहुल गांधी का स्वागत हुआ। वहीं, ज्योतिसर में पूजा अर्चना के बाद राहुल गांधी का काफिला कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में पहुंचा और इस बीच बीच रास्ते में महाराणा प्रताप चौक पर महिला कांग्रेस की ओर से और ताऊ देवीलाल चौक पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ईशान शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया।
ये नेता रहे मौजूद
इस मौके प्रदेश अध्यक्षा कुमारी सैलजा, लाडवा के विधायक मेवा सिंह, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाल, फूलचंद मुलाना, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा सहित कई विधायक एवं पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री, कांग्रेस प्रदेश महासचिव पवन गर्ग, सुभाष पाली, पूर्व पार्षद नरेंद्र शर्मा निंदी, विवेक मेहता विक्की, मन्नू जैन, मेहर सिंह रामगढ़, रणबीर बूरा, मुलखराज अरोड़ा सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।