हर घर तिरंगा अभियान के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महक से ब्रह्मसरोवर की फिजा महक उठी। राहगीरी के दौरान इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तमाम प्रस्तुतियां देश के वीर जवानों को ही समर्पित रही। इस वर्ष राहगीरी का थीम भी हर घर तिरंगा पर आधारित रहा। इस सांस्कृतिक संध्या व राहगीरी को विशेष तौर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रमों की शृंखला के तहत ही आयोजित किया गया है। इस राहगीरी कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मुकुल कुमार ने किया।
इस सांस्कृतिक संध्या में हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों व हरियाणा कला परिषद के कलाकारों ने राहगीरी कार्यक्रमों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। अहम पहलू यह है कि रविवार को देर सायं ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तम पुरा बाग में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मुकुल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके उपरांत उपायुक्त ने सभी कलाकारों को तिरंगे वितरित किए। इस दौरान उपायुक्त ने जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र के प्रयासों से एक बेरोजगार को आटो रिक्शा की चाबी भी सौंपी।
उपायुक्त ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव के तहत सरकार ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आगाज किया और इस कार्यक्रम के तहत हर घर पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया गया है। राहगीरी कार्यक्रम में हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों सूरज बेदी, रिचा व चौहान और हरियाणा कला परिषद के कलाकारों विकास सैम, चंचल शर्मा, राजीव कुमार, विरेंद्र सिंह ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रह्मसरोवर की फिजा को देशभक्ति के रंग में रंगने का काम किया। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन एसपी पीआरओ नरेश सागवाल ने किया। इस मौके पर एसडीएम अदिति, डीएसपी जय सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. नरेंद्र सिंह, नप अधिकारी केएल बठला, पुलिस निरीक्षक राजपाल, केडीबी से सुभाष राविश व कर्ण सिंह आदि मौजूद रहे।