कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की री-अपीयर और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में देरी के विरोध में भगवान परशुराम कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की परीक्षा एवं परिणाम प्रणाली पर सवाल उठाते हुए री-इवैल्यूएशन के लंबित परिणाम समय पर जारी करने की मांग की।
उनका कहना था कि परिणाम में देरी के कारण विद्यार्थियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र नेता भारत बराड़ ने आरोप लगाया कि प्रत्येक सेमेस्टर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को री-अपीयर घोषित कर दिया जाता है। इसके बाद री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को परिणाम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। कई बार री-इवैल्यूएशन का परिणाम री-अपीयर फॉर्म भरने या परीक्षा देने के बाद जारी होता है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों के परिणाम में बदलाव होता है, उन्हें भी दोबारा फीस भरनी पड़ती है। इससे विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने के साथ मानसिक दबाव भी रहता है।
छात्र नेता अनिकेत सिंह और करण गाबा ने मांग की कि री-इवैल्यूएशन के परिणाम री-अपीयर फॉर्म भरने की अंतिम तिथि से पहले जारी किए जाएं।