कुरुक्षेत्र। वैज्ञानिक प्रो. गोपीनाथ पैकिरिसामी।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन अप्रैल को गोयल पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रो. गोपीनाथ को राजीव गोयल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें ये सम्मान नैनो बायोटेक्नोलॉजी और बायोमेडिकल शोध के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाएगा। तमिलनाडु में जन्मे प्रो. गोपीनाथ वर्तमान में आईआईटी रुड़की में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने वहां नैनो बायोटेक्नोलॉजी प्रयोगशाला की स्थापना की है। उनका शोध मुख्य रूप से बायोसेंसर, टिश्यू इंजीनियरिंग और बायोमेडिकल नैनो मेटेरियल्स पर केंद्रित है, जो चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रहा है।
प्रो. गोपीनाथ के अब तक 175 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 34 पेटेंट दाखिल किए, जिनमें से 20 को स्वीकृति मिल चुकी है। उनके शोध कार्यों को दस हजार से अधिक बार उद्धृत किया जा चुका है, जो उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियों को दर्शाता है। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें पदक, प्रशस्ति-पत्र और एक लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। यह समारोह विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के कई प्रमुख वैज्ञानिक भाग लेंगे। संवाद