कुरुक्षेत्र। 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में मनाया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। बाद में इसको लेकर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंधों को समय रहते पूरा करें।
उपायुक्त ने आयुष विभाग, पंचायत विभाग, परिवहन विभाग, पर्यटन, पुलिस, खेल, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मुख्यमंत्री के आदेश तथा आयुष विभाग की ओर से जारी हिदायतों के अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने बनाएं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यालय चंडीगढ़ में कार्यरत उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ प्रबंधों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग को जन आंदोलन बनाने के लिए हर घर योग-हर दिन योग के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए और योग युक्त -नशा मुक्त प्रदेश बनाएं।
उन्होंने बताया कि 11 से 13 जून तक मास्टर ट्रेनरों द्वारा पीटीआई व डीपीई को प्रशिक्षण दिया जाएगा इसके बाद शिक्षण संस्थानों में बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 जून को जिला मुख्यालयों पर मैराथन का आयोजन होगा और 16 से 18 जून तक जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा 19 जून को सेमिनार व संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। 20 जून को निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर पायलट रिहर्सल कराई जाएगी।