शाहाबाद। चौथे पातशाह श्री गुरु रामदास जी महाराज के गुरुपर्व को समर्पित गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब से निकाली जा रही प्रभातफेरियों की शृंखला में शुक्रवार को निकली अंतिम प्रभातफेरी गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी अनाज मंडी पहुंची।
श्री निशान साहिब जी की छत्रछाया में सुसज्जित प्रभातफेरी का स्वागत संगत मोहल्ला माजरी की संगत ने पुष्पवर्षा के साथ किया। हजूरी रागी जत्था भाई तेज सिंह ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद हेड ग्रंथि ज्ञानी गुरप्रीत सिंह ने गुरु इतिहास से संगत को जोड़ा और अंत में बानी गुरु श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष सरबत के भले की अरदास की।
मैनेजर नरिंदर सिंह ने बताया कि शनिवार को अंतिम प्रभातफेरी का आयोजन ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब में होगा। मैनेजर ने बताया कि 17 अक्तूबर को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब में श्री गुरु रामदास जी महाराज के गुरुपर्व को समर्पित महान गुरमत संगम होगा जिसमें चंडीगढ़ से ढाढी जत्था भाई हरप्रीत सिंह और दिल्ली से कथावाचक ज्ञानी बचितर सिंह संगत को गुरु इतिहास से जोड़ेंगे।