सन्निहित और ब्रह्मसरोवर में स्वच्छ जल के निरंतर प्रवाह की 50 साल पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। ब्रह्म सरोवर तट पर 17 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का सोमवार को थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विशेष प्रयासों से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आने वाले लाखों पर्यटकों की करीब 50 साल पुरानी मांग 9 नौ माह की रिकार्ड अवधि में पूरी होगी। उन्होंने कहा कि ब्रह्म सरोवर एवं सन्निहित सरोवर में नरवाना ब्रांच नहर से थानेसर डिस्ट्रीब्यूटरी द्वारा निरंतर स्वच्छ जल प्रवाह प्रोजेक्ट को शुरू किया गया है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 17 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी और आगामी 9 माह में पूरा किया जाएगा।
सुधा शिलान्यास के बाद सोमवार को ब्रहमसरोवर के वीवीआईपी घाट के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 4 जून 2015 को अनाज मंडी की रैली में ब्रह्मसरोवर में निरंतर जल प्रवाह योजना के साथ-साथ अनेक योजनाओं की घोषणा की थी, जिस पर आज से काम शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक साल में कुरुक्षेत्र शहर के विकसित होने की तस्वीर प्रदेश में अलग नजर आएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से कुरुक्षेत्र को पूरे विश्व में एक अलग पहचान मिली है। इस सभा को पूर्व मंत्री एमएल रंगा, जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी, नप उपाध्यक्ष सुरेंद्र छिंदा, सेवा निवृत आईएएस अधिकारी आरबी लांग्यान, युवा भाजपा नेता साहिल सुधा, बाबुराम टाया, डा. शकुंतला शर्मा, साध्वी दर्शना, रामरत्न गुज्जर, श्रीप्रकाश मिश्रा ने संबोधित करते हुए कहा कि 1970 के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री गुलजारी लाल नंदा ने कुरुक्षेत्र को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई थी, अब 50 सालों के बाद विधायक सुभाष सुधा कुरुक्षेत्र के विकास के लक्ष्य को लेकर ही दिन-रात काम कर रहे है। इस निरंतर स्वच्छ जल प्रवाह परियोजना को शुरू करना एक ऐतिहासिक क्षण है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश चोपड़ा ने आभार व्यक्त किया।
सरोवर का पानी स्वच्छ करने के लिए ये है प्रोजेक्ट
भाखड़ा ब्रांच से ब्रह्म सरोवर व सन्निहित सरोवर में निरंतर स्वच्छ जल प्रवाह परियोजना के लिए करीब 4.8 किलोमीटर 1600 एमएम डॉय की दो पाइप लाइन सप्लाई के लिए पंप तक बिछाई जाएंगी और 1600 एमएम डॉय की एक पाइप लाइन निकासी के लिए पश्चिमी घाट से डाली जाएगी। पानी निकासी के लिए वीवीआईपी घाट के सामने एक पंप हाउस बनाया जाएगा। पहले यह पानी खुले चैनल से निर्धारित समयावधि पर आता था और रास्ते में आने वाली कालोनियों और बस्तियों का गंद भी इसमें डाल दिया जाता था। लेकिन अब यह पानी पाइपों से आएगा और गंदगी डालने का कोई सवाल नहीं होगा।
ताऊ देवीलाल चौक का सौंदर्यीकरण करेगा सैफरोन होटल
विधायक ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने में समाज सेवी संस्थाएं आगे आकर काम कर रही है। अब ताऊ देवी लाल चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य सैफरोन होटल को सौंपा गया है और बीआर इंटरनेशनल स्कूल को भी कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे पहले विजडम वर्ल्ड स्कूल ने पिपली और मिलेनियम स्कूल ने सेक्टर-3 के सामने जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे के रास्ते का सौंदर्यीकरण किया है और जेसीआई रोटरी और लायंस क्लब ने सुंदर बस शेल्टर बनाने का काम किया है।
श्रीकृष्णा सर्किट के तहत 100 करोड़ रुपये की राशि जारी
इसके लिए श्रीकृष्णा सर्किट के तहत 100 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। राज्य सरकार ने शहर में सीवेज लाइन के लिए 40 करोड़, एसटीपी के लिए 25 करोड़, पीने के पानी के लिए 30 करोड़, महिला राजकीय कालेज बनाने के लिए 12 करोड़, एलएनजेपी अस्पताल के अप ग्रेडेशन के लिए 39 करोड़, गांव फतुपर में देश का पहला आयुष विश्वविद्यालय बनाने के लिए करोड़ों रुपये, झांसा रोड से धुराला तक सड़क के लिए 8 करोड़, रेलवे रोड को सिक्स लेन बनाने के लिए 8 करोड़ 61 लाख रुपये, सुरजकूंड के 4 करोड़ के प्रोजेक्ट में से 2 करोड़ रुपये, पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए ढाई करोड़ रुपये, गांव की प्रत्येक हरिजन, वाल्मीकि, ब्राह्मण व अन्य समाज की प्रत्येक चौपाल के लिए 15-15 लाख रुपये, गांव की सड़कों को शहर की तर्ज पर बनाने, शहर और गांव को जोड़ने वाली 7 सड़कों के लिए करोड़ों रुपये और शहर में एलईडी लाइटों के लिए 20 करोड़ रुपये सहित अन्य परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये मंजूर किए है।