कुरुक्षेत्र। बाइक का चालान करते थाना केयूके प्रभारी दिनेश कुमार। संवाद
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने धुंध व कोहरे में सड़क हादसे कम करने के लिए ट्रिपल-ए अभियान शुरू किया है। इस ट्रिपल-ए के तहत पुलिस ने धुंध व कोहरे में एडवाइजरी (निर्देश), अवेयरनेस (जागरूकता) व एक्शन (कार्रवाई) से हादसों पर अंकुश लगाने का दावा किया है। पुलिस ने अपना ट्रिपल-ए अभियान सड़कों पर लागू कर दिया है। हालांकि अभियान से पहले पिछले सप्ताह जिले में अलग-अलग जगह हुए तीन सड़क हादसों में चार युवकों सहित पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कोहरा व ओवर स्पीड को हादसे का कारण माना जा रहा है। पिछले माह अक्तूबर में सड़क दुर्घटनाओं के 46 मामले दर्ज हुए थे। इसमें 24 लोगों की मौत हुई थी जबकि 30 लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए थे।
इन हादसों को देखते हुए जिला पुलिस ने ट्रिपल-ए अभियान को शुरू कर दिया। इसके तहत पुलिस ने धुंध व कोहरे में वाहन चलाने संबंधी एडवाइजरी जारी की। पुलिस ने सड़कों पर उतर कर करीब 400 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के साथ शिक्षण संस्थान, ऑटो चालकों और सार्वजनिक संस्थान पर वाहन चालकों को जागरूक किया।
पुलिस कर रही नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई : वरुण सिंगला
जिला पुलिस कप्तान वरुण सिंगला ने बताया कि गत सप्ताह यातायात के नियमों की अवहेलना पर 584 वाहनों के चालान कर चालकों पर करीब 5.30 लाख रुपये का जुर्माना किया गया। इसमें 180 चालान ओवर स्पीड के शामिल है। रात के समय पुलिस गश्त को बढ़ाया गया है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने इलाके में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।