कुरुक्षेत्र। साइबर ठगी के मामले रुक नहीं रहे हैं। पुलिसकर्मियों को भी ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ठगों ने एक पुलिस कर्मी के नाम पर पहले ऑनलाइन मोबाइल ऑर्डर किए व बाद में उसी के नाम पर दो फर्जी लोन करवा लाखों की ठगी को अंजाम दे दिया। साइबर थाने में दर्ज शिकायत में नगला निवासी मुख्य सिपाही हरचरण सिंह ने बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है। बुधवार की सुबह उसके मोबाइल पर अल सुबह कुछ ओटीपी आए हुए थे, जिन्हें उसने किसी के साथ साझा भी नहीं किया। इसके बावजूद उसके फ्लिपकार्ट के खाते से एक लाख 26 हजार रुपये से ज्यादा की कीमत के पांच मोबाइल ऑर्डर किए हुए थे, जो कैंसिल करने पर कैंसिल नहीं हो रहे थे, जिनकी अब तक उसके खाते से कोई धनराशि नहीं कटी थी। साइबर ठगी का शिकार होने से बचने के लिए वह खाते को बंद करवाने के लिए बैंक गया तो उसे पता चला कि उसके खाते पर किसी ने एक लाख 26 हजार 333 रुपये के दो फर्जी लोन करवा रखे हैं। यह सब पता चलने पर पुलिस कर्मी ने साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है।