कुरुक्षेत्र। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिला पुलिस को व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिले में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की जा रही है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। इसके साथ ही पीसीआर और ईआरवी वाहनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति टीम द्वारा विशेष गश्त की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दीपावली पर्व केवल खुशियों का पर्व नहीं है, बल्कि पर्यावरण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। सभी से प्रदूषण-मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पटाखों से होने वाला वायु प्रदूषण अस्थमा रोगियों, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और श्वास संबंधी रोगियों के लिए हानिकारक है। पटाखों से निकलने वाली विषैली गैसें स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक दुष्प्रभाव डालती हैं। अग्रवाल ने सुझाव दिया कि दीप जलाकर और जगमगाहट के साथ इस पर्व को खुशी से मनाएं, ताकि पर्यावरण और लोक स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।