लाडवा। पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड व स्वैट टीम के साथ कस्बे में सर्च अभियान चलाया और विभिन्न स्थानों पर जांच की। इस दौरान पुलिस टीम ने प्रवासी श्रमिकों की जानकारी ली और उनके पहचान पत्र भी जांचे। अभियान के तहत पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की।
थाना लाडवा प्रबंधक निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर पुलिस की ओर से नशे की तस्करी, सुरक्षा के मद्देनजर और आपराधिक और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को काबू करने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को किसी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे तो तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें।