कुरुक्षेत्र। अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बुधवार देर रात पिहोवा रोड स्थित स्पारक होटल में दबिश देकर जुआ खेलते सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 45 हजार 210 रुपये की नकदी, सात मोबाइल फोन और छह बाइक व स्कूटी बरामद की हैं।
विज्ञापन
सेल इंचार्ज सतविंदर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि पिहोवा रोड स्थित एक होटल में अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। इस पर डीएसपी मुख्यालय सुरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने होटल में दबिश दी। पुलिस ने होटल का रजिस्टर जांचा तो उसमें किसी भी व्यक्ति की एंट्री दर्ज नहीं मिली। कमरों की तलाशी लेने पर जुआ खेलने का मामला सामने आया। पुलिस ने होटल मालिक सहित सात आरोपियों को काबू किया। सभी आरोपी आसपास के क्षेत्र के रहने वाले हैं और कोई भी नशे की हालत में नहीं था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।