लाडवा। गांव मेहरा में एक 10 वर्षीय बच्चे के गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस की ओर से डेढ़ घंटे बाद बच्चे को खोजा गया और उसे परिजनों के हवाले कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चा आसपास खड़े थ्री व्हीलर की सीट पर सोता हुआ मिला।
तासीम निवासी मेहरा ने बताया कि दिवाली के अवसर पर उसका 10 वर्षीय बच्चा पटाखे चलाने की जिद्द कर रहा था। उन्होंने उसको पटाखे दिलवा भी दिए थे जो वह चला चुका था लेकिन वह और बड़े पटाखे दिलवाने की जिद्द करने लगा। जब उन्होंने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह रूठ गया। उन्होंने बच्चे की बात को अनदेखा कर दिया और वे सब अपना काम करने में लग गए। लगभग 10 बजे जब उनका बच्चा घर में कहीं दिखाई नहीं दिया तो तलाश की लेकिन पता नहीं चल पाया।
उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बच्चे को ढूंढना शुरू किया। बच्चे को सुरक्षित देखकर पुलिस व परिजनों ने राहत की सांस ली। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि बच्चे को ढूंढकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।