कुरुक्षेत्र। थीम पार्क में दिव्यांग का बिना सिर के धड़ मिलने के बाद पुलिस दिनभर सिर की तलाश करती रही। पुलिस ने थीम पार्क के एक किलोमीटर तक एक-एक झाड़ी व कोना खंगाला और वहीं 150 के करीब सीसीटीवी भी जांचे। जांच में डॉग स्क्वॉड भी शामिल किए गए।
पुलिस के लिए यह पता लगाना चुनौती बन गया है कि सिर को हत्यारा साथ ले गया है या रात के समय कोई जानवर उठा ले गया।
पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि अगर हत्यारा सिर को अपने साथ ले गया है तो क्याें और इसके पीछे उसका क्या कारण है। वह कोई संदेश छोड़ना चाहता था या कोई राज छिपाना चाहता है। पुलिस फिलहाल मामले में हर पहलु से जांच कर रही है।
पुलिस की दो विशेष टीमों ने आसपास के मोहल्लों में घर-घर जाकर पूछताछ की और शव का फोटो व किसी के रात से लापता होने की सूचना जुटाती रही। एएसपी प्रतीक गहलोत खुद मौके पर साइट पर पहुंचे और पुलिस की पांच टीमों को हर हाल में सिर व कातिलों को खोजकर लाने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि पुलिस शहर के अंदर से सीसीटीवी की खोज करते हुए शहर के बाहर तक पहुंच चुकी है। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। टीमें जल्द ही कातिल को काबू कर लेंगी।
पुलिस ने की लोगों से सहयोग की अपील : पार्क में शव मिलने के बाद पार्क में सुबह सैर करने आए लोग सहमे रहे। शाम के समय भी सैर करने के लिए लोग नहीं पहुंचे। पुलिस ने लोगों से किसी संदिग्ध व शव की पहचान करवाने में मदद की भी अपील की है।