कुरुक्षेत्र। पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) राज्य अपराध शाखा राकेश कुमार आर्य ने जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस लाइन पहुंचने पर आईजीपी ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी पुलिस कंपनियों का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ड्रिल का अवलोकन किया और प्रदर्शन में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस के जवानों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
राकेश आर्य ने पुलिसकर्मियों से लॉ एंड ऑर्डर संबंधित विषयों पर संवाद किया और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास करना चाहिए, क्योंकि अभ्यास ही हमें सक्षम बनाता है। उन्होंने अनुशासन, कार्यकुशलता और जनता के साथ बेहतर समन्वय को कानून-व्यवस्था की मजबूती का आधार बताया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ कानून-व्यवस्था पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उन्होंने जिले के महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने पर विशेष जोर दिया, क्योंकि ये कैमरे अपराधियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आर्य ने सलाह दी कि किसी भी घटना के होने पर राज्य अपराध शाखा की डॉग स्कवायड और सीन ऑफ क्राइम टीम से तुरंत संपर्क किया जाए। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, प्रॉपर्टी ऑफेंडर्स (पीओ) और बेल जंपर्स को पकड़ने में भी राज्य अपराध शाखा की टीम की सहायता ली जा सकती है। उन्होंने आपसी तालमेल पर बल देते हुए कहा कि समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
मीटिंग में आईजीपी अंबाला मंडल पंकज नैन, एसपी नीतीश अग्रवाल, अतिरिक्त एसपी प्रतीक गहलोत, सभी डीएसपी और जिले की राज्य अपराध शाखा यूनिट के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
जवानों के उपकरणों को जांचने के दौरान खुद हेलमेट पहन जांची गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य ने एक जवान का हेलमेट स्वयं पहनकर उसकी गुणवत्ता और आरामदायक होने की जांच की। उन्होंने जवान से हेलमेट की सुविधा के बारे में पूछताछ की और सभी उपकरणों को दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए। बैठक के बाद आईजीपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कंट्रोल रूम का दौरा किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की ।
कुरुक्षेत्र। हेलमेट की गुणवत्ता जांचते हुए आईजीपी राकेश आर्य। प्रवक्ता- फोटो : संस्थान