इस्माईलाबाद। अमेरिका से आए साहिल सहगल की थार गाड़ी से कुचलकर हत्या करने के मुख्य आरोपी दीपांशु को पुलिस ने आखिरकार वांछित घोषित कर दिया है। घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने आरोपी दीपांशु के फोटो वाले पोस्टर चस्पा कर उसके बारे में सूचना देने की अपील की है। साथ ही उसकी मदद करने वालों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी सोमनाथ को गिरफ्तार कर लिया है।
30 मार्च की आधी रात को पैलेस में डीजे पर गाने के लिए दीपांशु और साहिल सहगल के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद दीपांशु ने अपनी थार गाड़ी से साहिल सहगल को कई बार कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गई। साहिल सहगल मूल रूप से पिहोवा के गांव खेड़ी शीशगंरा के रहने वाले थे और 10 साल बाद अमेरिका से आए थे। वे अपने रिश्तेदार के साथ महिला संगीत कार्यक्रम में भाग लेने गए थे।
थाना प्रभारी जगदीश शर्मा ने बताया कि आरोपी दीपांशु को विदेश से भी मदद मिलने की आशंका है। पुलिस की कई टीमें दबिश कर रही हैं और साइबर सेल सक्रिय है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि आरोपी की मदद करने वाला कोई भी व्यक्ति पुख्ता सबूत मिलने पर गिरफ्तार किया जाएगा, भले ही वह विदेश में बैठा हो।
आरोपी सोमनाथ के खिलाफ धोखाधड़ी के आठ मामले दर्ज : जगदीश
इस्माईलाबाद प्रभारी निरीक्षक जगदीश ने बताया कि आरोपी सोमनाथ के खिलाफ धोखाधड़ी व इमीग्रेशन एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी सोमनाथ के खिलाफ जिला करनाल व अंबाला के अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी व इमीग्रेशन एक्ट के आठ मामले दर्ज हैं।