कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने ऑपरेशन आक्रमण के तहत अलग-अलग मामले में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में 20 टीमों ने अलग-अलग इलाके को खंगाला। टीम ने अभियान के तहत 22 मामले दर्ज किए। इस अभियान में नशा तस्कर, अवैध रूप से शराब बेचने वाले, अवैध हथियार और बेल जंपर व भगोड़े आरोपियों की धरपकड़ की गई। जिला पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि अल सुबह ही टीमें अपने-अपने इलाके में गश्त के लिए निकल गई थी। इस अभियान के दौरान 22 मामले दर्ज किए गए। इनमें अलग-अलग थाने में आबकारी अधिनियम के तहत 14 मामले दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के कब्जे से 111 बोतल शराब की बरामद हुईं। 770 रुपये के साथ एक सटोरिये को गिरफ्तार किया गया।
बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ट्रक चालक सहित दो आरोपियों से 11 किलो चूरा पोस्त और तीसरे से साढ़े चार ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर कब्जे से देसी पिस्टल 315 बोर व एक कारतूस बरामद किया। पुलिस टीम ने तीन पीओ, बेल जंपर तथा बाइक चुराने के आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस ने लेन ड्राइविंग नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। यातायात पुलिस ने अलग-अलग जगह कार्रवाई करते हुए 60 वाहन चालकों के चालान किए।
अपराध की रोकथाम ही पुलिस का ध्येय
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि पुलिस का मुख्य ध्येय अपराध की रोकथाम करना है। धर्मनगरी को अपराध मुक्त बनाना ही पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। ऑपरेशन आक्रमण चलाकर जनता भयमुक्त माहौल प्रदान करना पुलिस का कर्तव्य है।