जिला पुलिस ने छह राज्यों में लूट व डकैती डालने वाले गिरोह के सरगना सोनू सिंह सहित 5 बदमाशों को काबू किया है। बदमाशों के कब्जे से एक बिंडा, लोहा की रॉड, चाकू व दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ पर आरोपियों ने रतगल बैंक के बाहर से वृद्ध महिला से 31 हजार रुपये लूटने की वारदात कबूल की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी दीपेंद्र सिंह को सूचना मिली की पिपली में जीटी रोड पर देवीलाल पार्क के नजदीक कुछ व्यक्ति बैठे हैं। ये लोग पेट्रोल पंप को लूटने की साजिश रच रहे हैं। एसआई जगदीश चंद्र की टीम ने छापामारी कर पांचों को काबू किया।
बदमाश सोनू सिंह, प्रकाश सिंह, सुनील कुमार, सूरज सिंह व संजय उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की आदर्श कालोनी के निवासी हैं। पूछताछ पर आरोपियों ने माना कि वे पेट्रोल पंप को लूटने की साजिश रच रहे थे। वे हरियाणा के अलावा पंजाब, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार व महाराष्ट्र में लूट व डकैती की वारदात कर चुके हैं।
उन्होंने गांव रतगल से एक वृद्ध महिला से बैग भी छीन लिया था, इसमें 31 हजार रुपए व अन्य कागजात थे। थाना शहर थानेसर में चंचल निवासी सेक्टर-5 की शिकायत पर 8 फरवरी को मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के कब्जे से महिला का पर्स व 21 हजार रुपये बरामद किए।
सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
वारदात से पहले करते थे रैकी
सभी आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लूट व डकैती की वारदात को अंजाम देते थे। सरगना सोनू सिंह ने बताया कि वह दिन के समय बैंक की रैकी करते और बैंक के अंदर जाकर बैंक वाउचर लेकर घूमते रहते ताकि किसी भी व्यक्ति एवं कर्मचारी को शक न हो।
जो ग्राहक रुपये निकलवाता उसके चेक में दी गई राशि व बैंक से कैश लेते समय ध्यान रखते कि कौन अधिक रुपये निकलवा रहा है। जैसे ही वह व्यक्ति बैंक से बाहर जाता तो बाहर खड़े अपने साथियों को सूचना दे देते और मौका लगते ही उससे रुपये लूटकर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो जाते थे।