संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। प्रदेश सरकार द्वारा खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए नकद पुरस्कार दिया जाता है। इसके तहत मान्यता प्राप्त राज्य, राष्ट्रीय, ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेलों, एशियन गेम्स सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार दिया जाता है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि खिलाड़ी अब कैश अवार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन कर दी गई है व खेल विभाग के पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इससे पूर्व यह प्रक्रिया ऑफलाइन थी और खिलाड़ियों को खेल विभाग में आवेदन करना होता था, जिस कारण कई बार जानकारी के अभाव में कुछ खिलाड़ी आवेदन से वंचित रह जाते थे। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि खेल विभाग की विभिन्न योजनाओं को जिले में प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। विभाग की तरफ से कैश अवाॅर्ड प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है व पूरे वर्ष पोर्टल खुला रहेगा। खिलाड़ी एक अप्रैल 2024 व उसके बाद की प्रतियोगिताओं के लिए पोर्टल के द्वारा आवेदन कर सकते हैं। कोई भी पदक विजेता खिलाड़ी प्रमाणपत्र आने के बाद इस राशि के लिए आवेदन कर सकता है।
ऑनलाइन प्रक्रिया आने से जहां खिलाड़ियों का समय बचेगा वहीं जिला कार्यालय के चक्कर लगाने से भी निजात मिलेगी।
विभाग के पोर्टल पर नाम कैश अवाॅर्ड मैनेजमेंट सिस्टम के विकल्प का चयन करना होगा। खिलाड़ी प्रतियोगिता समाप्त होने बाद ही नकद इनाम हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।