कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में एक नॉन टीचिंग कर्मचारी को विद्यार्थियों को पढ़ाने की अनुमति दिए जाने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर गैर शिक्षक पद पर कार्यरत कर्मचारी को शिक्षक की भूमिका निभाने की अनुमति किस आधार पर दी गई है। वे विद्यार्थियों को कौन सा विषय पढ़ाएंगे और शिक्षण कार्य के लिए उनकी जिम्मेदारी किस तरह तय होगी। प्रशासन के इस फैसले ने हिंदी विभाग की शिक्षण व्यवस्था और जिम्मेदारियों के निर्धारण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस फैसले को लेकर यह सवाल भी अहम है कि जब विश्वविद्यालय में शिक्षण कार्य के लिए अलग से शिक्षक पद और व्यवस्था है तो नॉन टीचिंग कर्मचारी को पढ़ाने की जिम्मेदारी देने का आधार क्या है। विभाग में स्थायी शिक्षकों की संख्या भी सीमित है। यहां केवल एक स्थायी शिक्षक हैं, बाकी शिक्षक अन्य श्रेणियों के हैं। हिंदी विभाग इससे पहले भी डॉ. अजायब सिंह से जुड़े मामले को लेकर चर्चा में रहा है। अब नॉन टीचिंग कर्मचारी को पढ़ाने की अनुमति दिए जाने से विभाग एक बार फिर चर्चा में है।
केयू का कारनामा: प्रोफेसर नहीं, अब नॉन टीचिंग कर्मचारी से छात्रों को पढ़ाए जाने की तैयारी
विभागाध्यक्ष बोले- अभी नहीं सौंपी गई पढ़ाने की जिम्मेदारी
हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. महा सिंह पूनिया ने बताया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा पढ़ाने को लेकर उन्हें भी एक पत्र प्राप्त हुआ है। हालांकि, अभी तक कर्मचारी को विभाग की ओर से पढ़ाने की कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।
विभाग में केवल एक स्थायी शिक्षक, वह भी दूसरे विभाग से डेपुटेशन पर
हिंदी विभाग में स्थायी शिक्षक के तौर पर केवल एक ही शिक्षक हैं। बाकी शिक्षक अन्य श्रेणियों के हैं। ऐसे में विभाग की शिक्षण व्यवस्था और स्थायी शिक्षकों की उपलब्धता का मुद्दा भी इस फैसले के साथ चर्चा में आ गया है।