कुरुक्षेत्र। पिपली से थर्ड गेट रोड को जनवरी माह के बाद नया स्वरूप दिया जाएगा जिससे राहगीरों की राह आसान हो सकेगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने अभी से योजना बनानी शुरू कर दी है। पिछले करीब चार साल से इस रोड पर राहगीर गड्ढों के बीच हिचकोले खाते हुए सफर करने को मजबूर हैं।
शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले इस रोड का निर्माण वर्ष 2022 में किया गया था, जिस पर करीब 57 करोड़ का बजट खर्च हुआ था। करीब एक साल बाद ही यह रोड खस्ताहाल होने लगा था। हालांकि चार साल तक इस रोड के रखरखाव का जिम्मा निर्माण कंपनी पर ही था, जो अगले दिसंबर माह में खत्म होगा। इस रोड पर आज तक भी राहगीर हिचकोले खा रहे हैं। बारिश के मौसम में यहां समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती है। वर्तमान में भी इस रोड पर सैकड़ों गड्ढे हैं जिनकी लीपापोती भी शुरू की गई है।