पिपली। महापुरुषों को जानें प्रतियोगिता में विजेता छात्रों को सम्मानित करते मुख्यातिथि व अन्य
पिपली/पिहोवा। श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला में महापुरुषों को जाने प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें करनाल, कैथल, जींद, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और भिवानी के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पिहोवा की छात्रा मुस्कान ने 94.5 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया और बड़सीकरी की छात्रा गुरप्रीत ने 86 प्रतिशत अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही। कुरुक्षेत्र की दीपिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुस्कान को 5100 रुपये, गुरप्रीत को 2100 रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाली छात्रा दीपिका को 1100 रुपये नकद व शील्ड देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता परीक्षा प्रवीण बौद्ध द्वारा लिखी पुस्तक महापुरुषों को जानें के आधार पर ली गई थी।
प्रतियोगिता परीक्षा के आयोजक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. राजरूप फुलिया ने बताया कि प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन नौंवी कक्षा से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए किया गया था। परीक्षा के बाद कॅरिअर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें एपीरोन कॅरिअर इंस्टीट्यूट के निदेशक अनिल सिंह ने छात्रों को आईआईटी, जेईई, नीट आदि में प्रवेश हेतु जानकारी दी गई और एचसीएस अकादमी चरखीदादरी के निदेशक डाॅ. अमित ने प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश को लेकर छात्रों को टिप्स दिए।