संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। नीलकंठी महावीर कॉलोनी में एक फोटोग्राफर ने संदिग्ध हालात में अपने घर पर चुनरी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक की शिनाख्त प्रिंस रहेजा (27) के रूप में हुई। वह शहर के एक फोटो लैब में नौकरी करता था और पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था।
थाना प्रभारी सत नारायण ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस को स्थानीय सीएचसी से एक युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस को दिए अपने बयान में अंशुल ने बताया कि सुबह सात-साढ़े सात बजे वह अपनी दोनों बच्चियों को नहला रही थी। उसकी सास घर के बाहर आंगन में बैठी थी।
कमरे में उसका पति प्रिंस अकेला ही था। कुछ देर बाद वह बच्चियों के कपड़े लेने कमरे में गई तो उसके पति फंदे पर लटका हुआ था। शोर मचाने पर उसकी सास मौके पर पहुंची। आस पास पड़ोस के लोगों ने उसे नीचे उतरा और वह उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका पति पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था।