कुरुक्षेत्र। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद पीजीआई रोहतक के अनुबंधित कर्मचारी अपनी मांगों के लिए छठे दिन भी केशव पार्क में धरने पर डटे रहे। कुछ कर्मचारियों का ठंड के कारण स्वास्थ्य बिगड़ा।
आज शुक्रवार को प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन का अंतिम दिन है। कर्मचारी शाम को एसडीएम से मुलाकात कर प्रशासन का पक्ष जानने के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।
ठंड से बचाव के लिए कर्मचारी रात में धरना स्थल को तंबू में बदल लेते हैं और दो-दो रजाइयां ओढ़कर सोते हैं। एक धरनारत कर्मचारी ने कहा कि तापमान माइनस में चला जाए परंतु तब तक यहीं डटा रहूंगा जब तक कौशल रोजगार निगम में शामिल नहीं किया जाता।
कर्मचारी पिछले छह दिनों से ठेका प्रथा से बाहर निकालकर कौशल रोजगार निगम में स्थायी तौर पर शामिल करने और रोजगार गारंटी की मांग के लिए धरने पर हैं। प्रशासन ने उन्हें सात दिन में मुख्यमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया था लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी कोई निमंत्रण नहीं आया है जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
यूनियन महासचिव महेश कुमार ने बताया कि यदि दोपहर तक प्रशासन से कोई संदेश नहीं आया तो शाम को एसडीएम से मुलाकात की जाएगी। इसके बाद बैठक कर आगे की रणनीति तय होगी। शनिवार को किसान यूनियनों व खाप पंचायतों को आमंत्रित कर आंदोलन तेज किया जाएगा व चंडीगढ़ की ओर कुच करने का निर्णय भी लिया जा सकता है।